मुंबई, 21 अक्टूबर। दीपावली के बाद अब भाई दूज का इंतजार सभी को है। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। भारतीय टेलीविजन पर कई धारावाहिक ऐसे हैं, जिन्होंने इस खूबसूरत रिश्ते को शानदार तरीके से पेश किया है।
इन शो ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते की गहराई को भी उजागर किया। आइए, कुछ ऐसे लोकप्रिय धारावाहिकों पर एक नजर डालते हैं।
'एक हजारों में मेरी बहना है' - 2011 में स्टार प्लस पर प्रसारित इस धारावाहिक ने जीविका और मानवी नाम की दो बहनों की कहानी को दर्शाया। क्रिस्टल डिसूजा और निया शर्मा ने इन किरदारों को जीवंत किया। इस शो में बहनों के बीच का प्यार, दोस्ती और बलिदान को खूबसूरती से दिखाया गया। दोनों बहनें हर मुश्किल में एक-दूसरे का सहारा बनती हैं, जिसने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ा।
'प्यार का बंधन' - एकता कपूर के प्रोडक्शन में बना यह धारावाहिक 2009 में सोनी टीवी पर शुरू हुआ। यह चार भाई-बहनों की कहानी है, जो बचपन में अनाथालय में अलग हो गए थे और बाद में विभिन्न परिवारों द्वारा गोद लिए गए। कहानी में दिखाया गया कि समय और परिस्थितियों के बावजूद उनके बीच का रिश्ता अटूट रहा। इस शो ने भाई-बहन के प्यार और एकजुटता को दर्शकों के सामने लाकर खूब सराहना बटोरी।
'निशा और उसके कजन्स' - 2014 से 2015 तक स्टार प्लस पर प्रसारित इस धारावाहिक ने जयपुर के एक संयुक्त परिवार की कहानी को पेश किया। इसमें सात चचेरे भाइयों और एक मजबूत इरादों वाली लड़की निशा की कहानी दिखाई गई। अनेरी वजानी और मिश्कत वर्मा जैसे कलाकारों ने इस शो में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। यह धारावाहिक भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ परिवार की एकता को भी दर्शाता है।
'घर की लक्ष्मी बेटियां' - 2006 में शुरू हुआ यह धारावाहिक पांच बहनों की कहानी पर आधारित था। यह शो 2009 तक चला और दर्शकों को बहुत पसंद आया। इसमें दिखाया गया कि कैसे पांच बहनें मिलकर हर मुश्किल का सामना करती हैं, लेकिन उनका आपसी प्यार कभी कम नहीं होता। इसकी कहानी ने परिवार और रिश्तों की अहमियत को बखूबी दर्शाया।
'इश्कबाज' - 2016 में शुरू हुआ यह धारावाहिक आज भी दर्शकों का पसंदीदा है। इसमें शिवाय (नकुल मेहता), रुद्र, और ओमकारा जैसे भाइयों के बीच का प्यार और समर्पण दिखाया गया। यह शो भाई-बहन के रिश्ते को मजबूती और भावनाओं के साथ पेश करता है।
--News Media
एनएस/एबीएम